कूलर में दौड़ा करंट, खेलते-खेलते तीन बहनों की मौत

 


बारां, 15 अगस्त (हि.स.)। घर में खेल रही तीन मासूम बहनों की जिंदगी उस समय थम गई, जब घर में लगे कूलर में अचानक करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से तीनों बच्चियां गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन बेटियों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसा शनिवार सुबह जिले के सदर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में हुआ। मृतक बच्चियों की पहचान अवंतिका (6), सलोनी (4) और संध्या (2) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चियों के माता-पिता खेत में मजदूरी करने गए हुए थे और तीनों बहनें घर में ही खेल रही थीं। इसी दौरान कूलर में करंट आने से तीनों उसकी चपेट में आ गईं।

सीआई नवल किशोर मीणा के अनुसार मध्यप्रदेश के निहालदेवी निवासी मदनलाल सहरिया अपने परिवार के साथ फतेहपुर गांव में रहकर एक किसान के यहां मजदूरी करता है। शनिवार सुबह मदनलाल और उसकी पत्नी खेत में काम करने चले गए थे। घर पर उनकी तीनों बेटियां थीं।

इसी दौरान कूलर में करंट फैलने से तीनों बच्चियां झुलस गईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तीनों बच्चियों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मासूम बेटियों की मौत की खबर से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और तीनों बच्चियों के शवों को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। छह साल की अवंतिका, चार साल की सलोनी और महज दो साल की संध्या की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। जिन मासूम आवाजों से कुछ देर पहले घर में खेल-कूद की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित