दिल्ली की मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र पोस्ट मामले में थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

 






अजमेर, 1 मई(हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लेकर सोशल मीडिया पर डाली गई भाषाई रूप से कथित अमर्यादित पोस्ट मामले में जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल उदय को लाइन हाजिर कर दिया है। कांग्रेस आईटी सेल के कार्यकर्ता पीयूष सुराणा को गंज थाना पुलिस ने एक दिन पूर्व शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित के पुलिस अभिरक्षा में पुलिस थाने में रहते हुए भाजपा के महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा आरोपित पर काली स्याही फेंक दी और मुंह पर पोत दी थी। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ मुकदमें दर्ज हो गए हैं और जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ को सौंपी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने मीडिया को बताया कि इस मामले को जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने गंभीरता से लिया है। गंज थाना पुलिस की ओर से आरोपित की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करने की लापरवाही को देखते हुए गंज थाना प्रभारी, ड्यूटी ऑफिसर और संतरी को तुरंत ही लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले में सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस मामले में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने बयान दिया कि आरोपित का कृत्य क्षमा योग्य नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्हें कहे जाने के बाद भी उन्होंने आठ घंटे तक पोस्ट को बनाए रखा जब उन्हें कानूनी कार्यवाही की धमकी दी तो उस पोस्ट को हटाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे लोगों के खिलाफ संज्ञान लेना चाहिए। वैश्य समाज की महिला पर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करना पूरी नारी शक्ति का अपमान है, निंदनीय है।

भाजपा की ओर से भाजपा सोशल मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने पुलिस में पीयूष सुराणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। राजस्थान में भाजपा राज के चलते इस मामले में तुरंत ही सुनवाई भी हुई और पुलिस ने सुराणा को शांति भंग के आरोप में पकड़कर पुलिस थाने लाकर बैठा दिया। पुलिस इस मामले में सच्चाई का पता लगाएं कि क्या वाकई सुराणा का फेसबुक अकाउंट किसी ने हैक कर उनके नाम से फर्जी पोस्ट डाली है इस बीच ही भाजपाइयों ने अपना आपा खो दिया और थाने में घुसकर पुलिस अभिरक्षा में आरोपित से हाथापाई का प्रयास किया गया और कालिख पोतने की घटना को अंजाम दे डाला।

कांग्रेस के कार्यकर्ता पीयूष सुराणा के भाई श्रेयांश सुराणा ने इस मामले में पुलिस को लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत कर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।अब दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और पुलिस जांच में जुट में गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष