बस की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, मुखिया गंभीर घायल
सवाई माधोपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में सास-बहू और मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार हादसा गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर खूंटला और बाढ़ कलां के बीच दोपहर में हुआ। काजी कॉलोनी निवासी साजिद (25) अपने परिवार के साथ डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहा था। बाइक पर उसकी पत्नी नरगिस (22), एक वर्षीय पुत्र अलमीर और मां बानो (60) सवार थीं।
शहर से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को गंगापुर सिटी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद नरगिस, बानो और मासूम अलमीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि साजिद गंभीर रूप से घायल है। उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि साजिद मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य करता है और पूरे परिवार के साथ खुशी के माहौल में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गंगापुर सिटी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जिनका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
वहीं हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी करवा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है, वहीं घायल साजिद जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित