संविदा नर्सिंगकर्मियों का उग्र प्रदर्शन: जयपुरिया अस्पताल की 90 फीट ऊंची टंकी पर चढ़े तीन कर्मचारी

 


जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर संविदा नर्सिंगकर्मियों ने शुक्रवार को जयपुरिया अस्पताल परिसर में उग्र प्रदर्शन किया। एक महिला सहित तीन संविदा नर्सिंगकर्मी अस्पताल परिसर स्थित करीब 90 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए और भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर नीचे उतरने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि राज्य सरकार जल्द से जल्द नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार और एएनएम के 7 हजार पदों पर भर्ती जारी करे तथा भर्ती प्रक्रिया मेरिट और बोनस अंक के आधार पर की जाए।

जानकारी के अनुसार संविदा नर्सिंगकर्मी विमल शर्मा (32), रॉबिन शर्मा (28) और संजीता चौधरी (30) शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे जयपुरिया अस्पताल परिसर की पानी की टंकी पर चढ़े थे। दिनभर हुई तेज बारिश के बावजूद तीनों अपनी मांगों पर अड़े रहे और नीचे उतरने से मना कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोपहर में बड़ी संख्या में अन्य संविदा नर्सिंगकर्मी भी उनके समर्थन में जयपुरिया अस्पताल पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

वहीं इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टंकी के नीचे सुरक्षा जाल लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने टंकी के आसपास जमा हुए समर्थक नर्सिंगकर्मियों को नियंत्रित कर उन्हें कुछ दूरी पर कर दिया।

टंकी पर चढ़े नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से सरकार, मंत्रियों और अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रख रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से कम वेतन पर सेवाएं दे रहे हैं और नियमित कर्मचारियों की तरह काम करने के बावजूद उन्हें स्थायी नियुक्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आर्थिक और मानसिक परेशानियों के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। फिलहाल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश