सूचना केंद्र में तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू, केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के विषय पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुक्रवार को सूचना केंद्र जयपुर में शुभारंभ हुआ।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव, आधारभूत संरचना, गरीब, युवा, किसान और महिला कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी विकास यात्रा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
विधायक बालमुकुंदाचार्य ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और सुशासन से जुड़े विकास कार्यों को आकर्षक एवं तथ्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार और जिला कलक्टर सन्देश नायक ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद कर उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षु आईएएस विभोर भारद्वाज ने भी विद्यार्थियों को यूपीएससी परीक्षा की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों से अवगत कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित