अजमेर जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला

 




अजमेर, 13 जुलाई (हि.स.)। अजमेर जिला एवं सत्र न्यायालय को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर न्यायालय का कामकाज पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया।

सिविल लाइंस थानाधिकारी शंभू सिंह ने बताया कि न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी अंततः अफवाह साबित हुई। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी न्यायालय को दो बार इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं। हाल ही में अजमेर स्थित यातायात एवं परिवहन कार्यालय को भी ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद व्यापक जांच की गई थी, लेकिन वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन जांच की गई। तलाशी पूरी होने के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित कर न्यायिक कार्यवाही फिर से शुरू कर दी गई।

थानाधिकारी ने न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं, परिवादियों और आमजन से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की सतर्कता भी महत्वपूर्ण है। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान के लिए जांच की जा रही है। पूर्व में मिली धमकियों से जुड़े मामलों की भी पड़ताल जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष