मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों श्रमिक
जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर सोमवार को श्रमिकों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर देशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया गया। जयपुर में बीएमएस जिला जयपुर के नेतृत्व में विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों, डाक, बीमा, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, संविदा एवं योजना कर्मियों सहित असंगठित क्षेत्र के हजारों श्रमिकों ने रैली निकाली। राम मंदिर, पुराना पावर हाउस, रेलवे स्टेशन से दोपहर 12 बजे शुरू हुई रैली जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां सभा के बाद प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
बीएमएस के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपए प्रतिमाह, ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार, ईपीएफ की सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार तथा न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 7500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग शामिल है। इसके अलावा योजना कर्मियों के मानदेय में वृद्धि, संविदा कर्मचारियों के लिए समान काम-समान वेतन, श्रमिक विरोधी प्रावधान समाप्त करने, बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने की मांग की गई।
संगठन ने बोनस पात्रता की वेतन सीमा 42 हजार तथा बोनस गणना की अधिकतम वेतन सीमा 18 हजार रुपये करने की भी मांग रखी। बीएमएस मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीना ने कहा कि महंगाई, अस्थायी रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की सीमित उपलब्धता के कारण श्रमिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
बीएमएस ने कहा कि संगठन का मूल दर्शन ‘राष्ट्रहित, उद्योगहित एवं श्रमिकहित’ का समन्वय है। संगठन सकारात्मक सहयोग के साथ आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष की नीति पर काम करता है। रैली में जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह गुर्जर, जिला मंत्री महेंद्र सैनी सहित मालीराम स्वामी, हरिमोहन चांदक, रामविलास, कैलाश शर्मा, अशोक पांडे, गोपाल लाल मीणा, मुरारी लाल शर्मा, अजय सक्सेना, हेमशंकर और उर्मिला मंदोतिया सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश