तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत 10 अक्टूबर को

 




डूंगरपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला एवं सेशन न्यायालय, डूंगरपुर की अध्यक्ष दीपा गुर्जर की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला मुख्यालय सहित विभिन्न तालुका न्यायालयों में पदस्थापित न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए न्यायालयवार अब तक 1,060 प्रकरण चिह्नित किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने धारा 138 एनआई एक्ट के लंबित मामलों में चिह्नित प्रकरणों के नोटिस जारी करने और उनकी तामील की स्थिति की समीक्षा की। वहीं, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, चेक अनादरण तथा पारिवारिक मामलों में राजीनामे के माध्यम से अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

जिला एवं सेशन न्यायाधीश दीपा गुर्जर ने बताया कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में अपील का प्रावधान नहीं होता है तथा जमा की गई कोर्ट फीस भी पक्षकारों को वापस लौटा दी जाती है। उन्होंने आमजन से राजीनामा योग्य लंबित मामलों का आपसी सहमति से लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक निस्तारण करवाने की अपील की।

बैठक में पारिवारिक न्यायाधीश नीतू आर्य, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश प्रवीण कुमार, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सागवाड़ा सुनीता नसवारिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिश मेनारिया सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव किरण कुमार चौहान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष