हिण्डौन सिटी में कोटा मंडल का तीसरा गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू
काेटा, 06 सितंबर (हि.स.)। करौली क्षेत्र के व्यापारियों, उद्योगों एवं माल परिवहन से जुड़े हितधारकों को रेलमार्ग से माल भेजने और प्राप्त करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कोटा मंडल में एक और गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) जुड़ गया है। हिण्डौन सिटी स्टेशन से संबद्ध केआईएचसी गति शक्ति कार्गो टर्मिनल को अधिसूचित किया गया है। इसके साथ ही कोटा मंडल में गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि हिण्डौन सिटी से संबद्ध केआईएचसी का निजी माल टर्मिनल अब गति शक्ति मल्टी-मॉडल कार्गो टर्मिनल में परिवर्तित किया गया है। इस टर्मिनल का स्वामित्व डीपी वर्ल्ड रेल लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के पास है। यह टर्मिनल सभी प्रकार की अनुमत आवक एवं जावक वस्तुओं के माल यातायात के लिए खुला रहेगा।
नई सुविधा से हिण्डौन सिटी एवं आसपास के क्षेत्र के व्यापार और उद्योगों को बड़ी मात्रा में माल के रेल परिवहन के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे माल को देश के विभिन्न हिस्सों तक रेलमार्ग से भेजने तथा बाहर से माल मंगाने की सुविधा बढ़ेगी। टर्मिनल से माल यातायात शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
कोटा मंडल में इससे पहले सुन्दलक और मांडलगढ़ में दो गति शक्ति कार्गो टर्मिनल संचालित हैं। अब हिण्डौन सिटी में तीसरा टर्मिनल जुड़ने से मंडल में रेल आधारित माल परिवहन सुविधाओं का और विस्तार हुआ है।
गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों के माध्यम से बड़ी मात्रा में माल को रेल नेटवर्क से जोड़ने की सुविधा मिलती है। हिण्डौन सिटी में नई सुविधा से स्थानीय व्यापारियों एवं उद्योगों के लिए माल परिवहन के नए अवसर विकसित होने के साथ सड़क से लंबी दूरी तक माल परिवहन पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव