चित्रकूट थाने में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश:डीजीपी ने देखा एकता परेड का सीधा प्रसारण
जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से शनिवार को जयपुर पश्चिम के चित्रकूट थाने में एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण किया गया। शाम 5:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड का बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया, जिसे पुलिस अधिकारियों, जवानों और आमजन ने देखा।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी देश को एकजुट रखने और मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों में एकता परेड का सीधा प्रसारण किया गया। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना और आमजन को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों से जोड़ना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने परेड का प्रसारण देखकर राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा, डीसीपी यातायात प्रवीण नायक नूनावत, डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण, डीसीपी मुख्यालय अनुष्ठा कालिया, आईपीएस अदिति उपाध्याय सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थी, युवा और आमजन ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश