दुनिया को जोड़ने का मंत्र भारत को बनाएगा विश्व गुरु: दिया कुमारी
जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (फोरम फॉर अवेयरनेस ऑफ नेशनल सिक्योरिटी) के जयपुर चैप्टर की ओर से महाराजा अग्रसेन सभागार, अग्रवाल कॉलेज में ‘विशाल भारत : आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। 2047 तक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा, हम दुनिया जीतने की नहीं, दुनिया को जोड़ने की बात करते हैं और यही मंत्र भारत को विश्व गुरु के रूप में स्थापित करेगा।
मुख्य वक्ता एकात्मक मानव दर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान के अध्यक्ष डॉ. महेश चंद्र शर्मा ने अफगानिस्तान (गंधार) से म्यांमार (वर्मा) तक हिमालय के नीचे फैले ‘अखंड भारत’ की अवधारणा पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों की संस्कृति में बदलाव के कारण वहां की पुरानी सांस्कृतिक पहचान कमजोर हुई, जबकि भारतीय संस्कृति आज भी जीवंत है। उन्होंने हिंदू संस्कृति और भारतीय संस्कृति को एक ही बताते हुए कहा कि हिंदू को केवल संप्रदाय मानना हिंदूता को सीमित करना है। आर्थिक परिप्रेक्ष्य में उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुरक्षा, रियल एस्टेट और करेंसी ट्रेडिंग में धन के बढ़ते प्रवाह का उल्लेख करते हुए कहा कि वास्तविक अर्थव्यवस्था का आधार उपभोग है।
लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत ने वैश्विक एवं सामरिक परिप्रेक्ष्य में कहा कि वर्तमान विश्व में युद्ध स्थायी और शांति अस्थायी होती जा रही है। ऐसे में भारत को सामरिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा के लिए नागरिकों के कर्तव्यबोध को जरूरी बताते हुए कहा कि राष्ट्रप्रेमी और सभ्य नागरिक ही राष्ट्र की शक्ति हैं।
फोरम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह ने विशाल भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्र संचालक डॉ. रमेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि भारत की आधारभूत शक्ति सनातन धर्म और संस्कृति है। उन्होंने कहा कि संस्कृति की मूलभूत विशेषताओं के कारण भारत आज भी कायम है और आगे विश्व का नेतृत्व करेगा।
कार्यक्रम की प्रस्तावना जयपुर चैप्टर अध्यक्ष डॉ. एसएस अग्रवाल ने रखी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र केवल भौगोलिक सीमा से नहीं बनता, बल्कि भूमि, संस्कृति और सुरक्षा भी इसके महत्वपूर्ण आयाम हैं। विशाल भारत को समझे बिना सुरक्षा के प्रभावी उपाय नहीं किए जा सकते। कार्यक्रम के अंत में जयपुर चैप्टर महासचिव पुष्कर उपाध्याय ने अतिथियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश