बीकानेर स्टोर डिपो लालगढ़ ने स्क्रैप निस्तारण से अर्जित किए 29.23 करोड़ रुपये

 


बीकानेर, 20 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर स्टोर डिपो लालगढ़ द्वारा रेल संसाधनों के कुशल प्रबंधन एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्क्रैप निस्तारण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। मंडल ने 7109 मीट्रिक टन स्क्रैप का सफल निस्तारण कर कुल 29.23 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक भूपेश यादव के अनुसार यह राशि मंडल द्वारा निर्धारित 12 करोड रुपए के लक्ष्य के मुकाबले में दोगुने से भी अधिक है। यह उपलब्धि डिपो की पारदर्शी कार्यप्रणाली, प्रभावी योजना और सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है। स्क्रैप निस्तारण से न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि रेलवे परिसरों में स्वच्छता और सुव्यवस्था भी सुनिश्चित हुई है।

वरिष्ठ सामग्री प्रबंधन लालगढ डिपो अवकाश सचान ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि विभाग का प्रयास जीरो स्क्रैप पॉलिसी की दिशा में लगातार कार्य करने का है एवं इस स्क्रैप निपटान में फेरस एवं नॉन फेरस सामग्री अन्य रेलवे इकाइयों की प्रत्यक्ष बिक्री तथा 101 यूनिट रोलिंग स्टॉक शामिल है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के नवाचारों एवं संसाधन प्रबंधन के माध्यम से आय बढ़ाने और कार्यक्षमता में सुधार लाने पर बल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव