उदयपुर में बछड़े का जला हुआ शव मिलने से तनाव
उदयपुर, 26 जून (हि.स.)। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बछड़े का आधा जला हुआ शव मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू समाज गौ-रक्षक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए तथा सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना गीतांजलि अस्पताल रोड स्थित नेला तालाब के पास शुक्रवार दोपहर सामने आई। बछड़े का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर गोवर्धन विलास थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने दो दिन के भीतर मामले की जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक चला विरोध-प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर बछड़े को जलाने वाले आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। जय श्रीकाली कल्याण शक्तिपीठ के गादीपति डॉ. हेमंत जोशी ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं गौ-रक्षक ओम मेनारिया ने कहा कि यदि बछड़े की मौत किसी अन्य कारण से हुई थी, तब भी उसके शव को इस तरह जलाना अनुचित है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कर पूरे मामले का खुलासा करने की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बछड़े की मौत और शव जलाए जाने के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित