तेजा दशमी-रामदेव जयंती पर दर्जनों मंदिरों में भरेंगे मेले: गूंजेंगे लोकदेवताओं के भजन
जयपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। लोक देवता बाबा रामदेव की जयंती और तेजा दशमी सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। छोटीकाशी जयपुर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मेले भरेंगे। सुबह से देर रात तक बाबा रामदेव और वीर तेजाजी महाराज के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा। हजारों की संख्या में जातरु मंदिरों में पहुंचकर धोक लगाएंगे और ज्योत लेकर लोकदेवताओं के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मंदिरों में 'म्हारो हेलो सुनो जी रामा पीर...', 'खम्मा-खम्मा हो म्हारा रूणिचै रा धनियां...' सहित अन्य भजनों की गूंज सुनाई देगी। देर रात तक भजन संध्या और जागरण होंगे। इनमें स्थानीय कलाकार और रामदेवजी के भोपा अपनी थांवला और फड़ प्रस्तुत करेंगे। श्रद्धालु तेजाजी महाराज और बाबा रामदेव को खीर, पुए-पुड़ी, पकौड़ी, कच्चे नारियल, अनाज और खीर-बताशे का भोग लगाएंगे। घरों में भी ज्योत लेकर खीर, पुए-पुड़ी का भोग लगाने की परंपरा निभाई जाएगी। श्रद्धालु जहरीले जीव-जंतुओं से रक्षा की प्रार्थना करेंगे और मनौती मांगेंगे। नाहरी का नाका स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बाबा का अभिषेक कर मनोहारी शृंगार किया जाएगा। बाबा को दाल, बाटी और चूरमा का भोग लगाया जाएगा। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहेगी।
वीटी रोड मानसरोवर स्थित वीर तेजाजी मंदिर में मेले का आयोजन होगा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भक्त तेजाजी महाराज के दर्शन कर ज्योत लेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
सोडाला स्थित पुराना तेजाजी मंदिर में लोक देवता सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज का वार्षिक भव्य मेला उत्सव आयोजित होगा। मंदिर के पुजारी मुलचंद शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे से मेला शुरू होगा। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर तेजाजी महाराज के दर्शन कर धोक लगाएंगे। दिनभर खीर, पुए, पुड़ी और कच्चे नारियल का भोग लगाया जाएगा। शाम को तेजा बाबा की सवारी में दर्शन होंगे। इस दौरान श्रद्धालु जहरीले जीव-जंतुओं से रक्षा की प्रार्थना करेंगे। मंदिर में तेजाजी महाराज का अभिषेक कर भव्य शृंगार किया जाएगा।
लूनियावास स्थित वीर तेजाजी धाम में तेजा बाबा की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। श्रद्धालु भजनों के माध्यम से बाबा को रिझाएंगे। मंदिर में खीर, पुए, पुड़ी और कच्चे नारियल का भोग लगाया जाएगा। श्रद्धालु अनाज और नारियल भेंट कर मनौती मांगेंगे। टोंक रोड स्थित प्रहलादपुरा के वीर तेजाजी मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद चढ़ाएंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
तेजा दशमी और रामदेव जयंती के अवसर पर गोनेर रोड, मुरलीपुरा, हसनपुरा, मुहाना, सांगानेर, सांगा सेतु रोड, बम्बाला पुलिया, आदर्श नगर, अंबाबाड़ी, झोटवाड़ा, वीकेआई, अर्जुन नगर फाटक सहित अन्य स्थानों पर भी मेले और धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश