टीन मिस राजस्थान के जयपुर ऑडिशन में 800 से अधिक गर्ल्स ने पेश की दावेदारी

 


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान की किशोरियों को अपनी प्रतिभा और हुनर दिखाने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित प्रदेश के पहले टीनएज ग्रुप स्टेट पेजेंट 'टीन मिस राजस्थान' का जयपुर ऑडिशन भव्य रूप से आयोजित हुआ। इसमें राजस्थान के विभिन्न शहरों और कस्बों से 13 से 19 वर्ष की 800 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर प्रतिष्ठित खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश की। आयोजन में प्रतिभागियों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में पहुंचे और बेटियों का उत्साहवर्धन किया।

पेजेंट की फाउंडर डायरेक्टर एकता जैन और सूर्यांश मिश्रा ने बताया कि यह राजस्थान का पहला टीनएज ग्रुप पेजेंट मंच है। इसके माध्यम से 13 से 19 वर्ष की किशोरियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को बिना किसी शुल्क के फैशन और पेजेंट जगत के विशेषज्ञों द्वारा व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल, मंच पर प्रस्तुति और मॉडलिंग जैसे विषय शामिल होंगे।

ऑडिशन के जूरी पैनल में मिस राजस्थान की आयोजक निमिषा मिश्रा, फाउंडर डायरेक्टर एकता जैन, मिस राजस्थान 2026 विजेता श्रीजा गुप्ता, रनरअप सुहानी जैन, कुसुम सोनी और निहारिका माथुर शामिल रहीं। इनके अलावा मिस राजस्थान 2024 की विजेता हर्षिका बत्रा, मिस राजस्थान 2025 की रनरअप मीनाक्षी चापोला और मिस ओशन वर्ल्ड 2026 की प्रथम रनरअप हीना ठाकुर सहित पेजेंट जगत से जुड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।

आयोजकों के अनुसार चयनित प्रतिभागियों को देश के जाने-माने फैशन और पेजेंट विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। इनमें कृतिका शारदा, शैलजा सूरी, यतेंद्र नेगी, अरशद हुसैन और निर्मला सेवानी शामिल हैं। ये विशेषज्ञ प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता को निखारेंगे।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सफारी ग्रुप के चेयरमैन पवन गोयल, राघव गोयल, बॉलीवुड फिल्म वितरक राज बंसल, बिलवा पैलेस के जनरल मैनेजर विक्रम सिंह राठौड़, शिव ज्वेलर्स के डायरेक्टर हुकुम सिंह कुम्पावत, अजमेर टेंट के डायरेक्टर मंजीत सिंह और डिजाइनर एवं दिवा रेंटल की मोनिका डवानी मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, पूर्व उपमहापौर पुनीत कर्णावत और नरेंद्र सामोदा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की।

आयोजन के संरक्षक योगेश मिश्रा ने कहा कि टीन मिस राजस्थान का उद्देश्य प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को सकारात्मक और व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा पहचानने के साथ आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।

टीन मिस राजस्थान का ग्रैंड फिनाले दिसंबर में जयपुर के प्रतिष्ठित बिलवा पैलेस में आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित प्रतिभागी विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी और टीन मिस राजस्थान के खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश