टेडएक्स आईआईएचएमआर यू का संस्करण में ‘इग्नाइट द अनसीन’ पर हुई चर्चा
जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी, जयपुर में शुक्रवार को टेडएक्स आईआईएचएमआर यू के चौथे संस्करण का आयोजन हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘इग्नाइट द अनसीन’ रही। कार्यक्रम में ऐसे विचारों, अनुभवों और प्रयासों पर चर्चा हुई, जो आमतौर पर मुख्यधारा की चर्चा से दूर रहते हैं, लेकिन समाज में बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वक्ताओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। इनमें पद्म भूषण से सम्मानित और दर्पणा एकेडमी की निदेशक डॉ. मल्लिका साराभाई, क्योर.एआई की चीफ मेडिकल ऑफिसर-ग्लोबल हेल्थ डॉ. शिबू विजयन, 2006 इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स पीस प्राइज विजेता एवं पाठशाला ट्रस्ट के संस्थापक ओम प्रकाश गुर्जर, राउंडग्लास म्यूजिक की लीड, सिंगर, कंपोजर एवं म्यूजिकोलॉजिस्ट गौरी यादवडकर, उद्यमी, वाइल्डलाइफ कंजर्वेशनिस्ट और मेडिका ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर आर. उदयन लाहिरी तथा नेशनल अवॉर्ड विजेता दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता और एटीएफ के सीईओ एवं को-फाउंडर प्रतीक माधव शामिल रहे।
वक्ताओं ने परफॉर्मिंग आर्ट्स, पब्लिक हेल्थ, चाइल्ड राइट्स, असिस्टिव टेक्नोलॉजी, म्यूजिक, एंटरप्रेन्योरशिप और वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनुभव साझा किए। संवाद के दौरान हेल्थ, इनोवेशन, सोशल इम्पैक्ट, संस्कृति और कला से जुड़े विषयों पर भी विचार रखे गए।
कार्यक्रम में थिएटर कलाकार अभिषेक मुदगल की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। थिएटर डायरेक्टर, अभिनेता, रंग मस्तानेय के संस्थापक और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली में स्टेज मैनेजर अभिषेक मुदगल ने ‘महारथी’ प्रस्तुति के जरिए मंच पर रंगमंच की प्रभावी प्रस्तुति दी।
आईआईएचएमआर स्टार्टअप्स की निदेशक यामिनी अग्रवाल ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों और जीवन अनुभवों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने से नए विचारों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
आईआईएचएमआर यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. पी.आर. सोडानी ने कहा कि टेडएक्स आईआईएचएमआर यू ऐसे विचारों और अनुभवों को सामने लाने का मंच है, जो सोच को नया नजरिया देते हैं। ‘इग्नाइट द अनसीन’ थीम उन आवाजों और योगदानों को सामने लाने की सोच को दर्शाती है, जिन्हें अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
टेडएक्स आईआईएचएमआर यू की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। तब से यह कार्यक्रम विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर नए विचारों और अनुभवों पर संवाद का अवसर प्रदान कर रहा है।
टेडएक्स स्थानीय स्तर पर आयोजित स्वतंत्र कार्यक्रमों की पहल है, जिसमें टेड जैसी बातचीत और अनुभव का अवसर मिलता है। कार्यक्रमों में टेड टॉक्स के वीडियो और लाइव स्पीकर्स के माध्यम से विचारों को साझा किया जाता है। इनका आयोजन स्थानीय स्तर पर स्वतंत्र रूप से किया जाता है, जबकि टेड की ओर से टेडएक्स कार्यक्रमों के लिए सामान्य दिशा-निर्देश तय किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश