दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए उतरी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लिए कई स्थानों से  सैंपल

 


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। राज्य सरकार के शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर द्वितीय क्षेत्र में दूध के विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई की गई। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश तथा अतिरिक्त खाद्य आयुक्त भगवत सिंह के सुपरविजन में चलाया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने चाकसू, कोथून, बाड़ा पदमपुरा और शिवदासपुरा क्षेत्र में विभिन्न दूध संकलन केंद्रों और बीएमसी फर्म्स का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न श्रेणी के दूध के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश