संस्कारवान शिक्षा और संगठन सुदृढ़ीकरण पर मंथन
धौलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। महाराज उदयभान इन्फेंट राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौलपुर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) की प्रथम जिला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संस्कारवान शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और संगठन सुदृढ़ीकरण पर मंथन किया गया।
संगठन की प्रदेश महिला मंत्री गीता जैलिया ने मुख्य अतिथि के रूप में संगठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विधान तथा कार्यपद्धति में आए नवीन परिवर्तनों से सभी को परिचित कराया। उन्होंने संगठन में संयोजक, सह-संयोजक एवं कार्यकर्ताओं के निर्माण के साथ-साथ नियमित प्रवास के महत्व और कार्यकर्ताओं की सकारात्मक मनोस्थिति तैयार करने पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने खंड स्तर पर वित्तीय व्यवस्थाओं में कार्यकर्ताओं के योगदान तथा दायित्ववान कार्यकर्ताओं के महत्व पर बल दिया। इसके साथ ही ''मेरा विद्यालय मेरा तीर्थ'', ''नशा मुक्त विद्यालय'' तथा ''प्लास्टिक मुक्त विद्यालय'' की अवधारणाओं को धरातल पर उतारने और विद्यालयों के शैक्षणिक व सामाजिक परिवेश को उत्कृष्ट बनाने हेतु गहन विचार-विमर्श किया। मंच संचालन जिला मंत्री नवनीत प्रिय त्रिपाठी ने किया। बैठक में जिला एवं खंड स्तरों पर आयोजित ''गुरु वंदन'' कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में देवेश प्रसाद शर्मा, गोविन्द प्रसाद शर्मा, जयप्रकाश कटारा तथा जिला कार्यकारिणी के समस्त सदस्य एवं विभिन्न खंडों से आए दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप