खान विभाग ने दिए सात दिन में 1550 करोड़ का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में राजस्व संग्रहण को लेकर खान विभाग ने रफ्तार तेज कर दी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोरा ने फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी सात दिनों में मार्च के 1550 करोड़ रुपए के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
सचिवालय से आयोजित हाईब्रिड समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संग्रहण के सभी संभावित स्रोतों से प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान लगाए गए जुर्माने की वसूली, आरसीसी-ईआरसीसी ठेकों की नीलामी, देय रॉयल्टी की वसूली और पुराने बकाया को प्राथमिकता से वसूलने के निर्देश दिए।
अपर्णा अरोरा ने बताया कि विभाग ने 23 मार्च तक 9620 करोड़ रुपए से अधिक राजस्व संग्रहित कर लिया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में करीब 1000 करोड़ रुपए अधिक है। यह लगभग 12 प्रतिशत की विकास दर को दर्शाता है।
उन्होंने अधिकारियों को एसएमई स्तर पर दैनिक समीक्षा, विश्लेषण और मार्गदर्शन करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन कार्यालयों में वसूली कम है, वहां समन्वय स्थापित कर तेजी लाने पर जोर दिया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी दिनों में राजस्व संग्रहण के साथ-साथ अवैध खनन गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई भी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आरसीसी-ईआरसीसी ठेकों की नीलामी प्रक्रिया को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त निदेशक महेश माथुर ने विभागीय रोडमैप प्रस्तुत करते हुए विश्वास जताया कि मार्च के लक्ष्य पूरे कर लिए जाएंगे।
इस दौरान विशेषाधिकारी श्रीकृष्ण शर्मा, वित्तीय सलाहकार सुरेश चंद्र सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित