स्वच्छता ही सेवा-2026 : कोटा मंडल में 1200 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों के कायाकल्प पर विशेष जोर

 


काेटा, 19 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत रेल परिसरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंडल में चिन्हित कुल 1200 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों एवं कचरा संवेदनशील स्थलों के कायाकल्प पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि अभियान के तहत स्टेशन परिसर, रेलवे कॉलोनियों, यार्ड, ट्रैक के आसपास तथा अन्य रेल परिसरों में चिन्हित स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों पर सघन सफाई, पुराने कचरे एवं अपशिष्ट को हटाने और स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया जा रहा है।

अभियान में सफाई से पहले और बाद की स्थिति को भी दर्ज किया जा रहा है, ताकि संबंधित स्थल पर हुए वास्तविक बदलाव को प्रदर्शित किया जा सके। साथ ही सफाई के बाद इन स्थानों पर दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

इस अभियान में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता कर रहे हैं। इसका उद्देश्य केवल एक बार सफाई करना नहीं, बल्कि चिन्हित स्थानों का स्थायी कायाकल्प कर स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है।

रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों, यात्रियों एवं आमजन से भी रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालकर ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के प्रयास में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव