पेड़ से टकराकर पलटी कार: हादसे में दो युवकों की मौत
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। झुंझुनूं जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक एसयूवी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद बगड़ थाना प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे।
हादसा इतना भीषण था कि एसयूवी में सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया। इसके बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। घायल युवकों को 108 एंबुलेंस की सहायता से झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं दोनों मृतकों के शव बगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
बगड़ थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की आशंका है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एसयूवी चालक नवलगढ़ के कोलसिया निवासी राकेश अपने साथियों के साथ चिड़ावा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बगड़ तिराहे के पास वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे मृतक तथा दोनों घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
इधर मृतक राकेश के भाई नेमीचंद ने आरोप लगाया कि हादसे के दौरान एसयूवी के एयरबैग नहीं खुले, जिससे दुर्घटना में जान-माल का नुकसान अधिक हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश