विवाहिता की संदिग्ध मौत: पीहर पक्ष ने लगाया पति पर हत्या का आरोप
जयपुर, 20 मई (हि.स.)। आमेर थाना इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहां नाईयों के मोहल्ले में रहने वाली 32 वर्षीय रेखा सेन का शव बुधवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए आमेर स्थित राजकीय अस्पताल भिजवाया।
थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि रेखा सेन की शादी करीब 11 वर्ष पहले विष्णु सेन से हुई थी। महिला अपने पति और 8 वर्षीय बेटे के साथ रहती थी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया गया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पीहर पक्ष के 50 से अधिक लोग आमेर थाने पहुंच गए और पति व ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कई घंटों तक धरने पर बैठे रहे। मृतका की मां सरोज देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम रेखा से फोन पर बात हुई थी। तब उसने घर में परेशानी होने की बात कही थी। मृतका की बहन चंचल सेन ने आरोप लगाया कि पति विष्णु सेन कोई काम नहीं करता था और रेखा ही निजी नौकरी कर परिवार का खर्च चलाती थी। परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात रेखा के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मृतका के रिश्तेदार अभिषेक सेन ने बताया कि दो माह पहले भी रेखा के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था। परिवार ने सास, पति और देवर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश