दीपावली-छठ पर दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग और लदान पर रोक
नई दिल्ली, आनंद विहार और दिल्ली जंक्शन पर 3 से 15 नवंबर तक रहेगा चरणबद्ध प्रतिबंध
जोधपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढऩे वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग, लदान और उतराई पर अस्थाई प्रतिबंध लगाया है। इसका उद्देश्य स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार उत्तर रेलवे के निर्देशानुसार नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली जंक्शन पर 3 से 15 नवंबर तक विभागीय पार्सल बुकिंग बंद रहेगी। इन स्टेशनों पर 5 से 15 नवंबर तक सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग भी प्रतिबंधित रहेगी। इसी तरह हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर 5 से 7 नवंबर तक विभागीय पार्सल बुकिंग के साथ सभी प्रकार के पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग पर रोक रहेगी।
प्रतिबंधित अवधि में लीज पर आवंटित एसएलआर और वीपी कोचों के अलावा मांग और अग्रिम बुकिंग वाले वीपी में भी पार्सल लदान और उतराई की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, आनंद विहार टर्मिनल की वाशिंग एवं स्टेबलिंग लाइन और निजामुद्दीन की वीपी साइडिंग पर निर्धारित नियम लागू रहेंगे।
रेलवे के अनुसार इस दौरान निजी सामान केवल यात्री डिब्बों में ले जाने की अनुमति होगी। वहीं, पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग सभी व्यावसायिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद की जा सकेगी। रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित अवधि में प्रतिबंधों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश