सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों के लिए बनेगा सपोर्ट सिस्टम
अजमेर, 18 अगस्त(हि.स.)। किसानों को सब्जी उत्पादन में आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए सरकार ने नई पहल की हैं। मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर उप योजना राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत अब सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को सपोर्ट सिस्टम स्थापित करने पर सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक एवं उन्नत तकनीक अपनाकर सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना हैं। योजना के तहत सपोर्ट सिस्टम की इकाई लागत 20 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है। इस निर्धारित लागत पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान देय होगा। एक लाभार्थी किसान को न्यूनतम 0.40 हेक्टेयर से लेकर अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र तक प्रोरेटा बेसिस (आनुपातिक) पर अनुदान का लाभ दिया जा सकेगा। अजमेर जिले को कृषक श्रेणीवार कुल 170 हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ हैं। यह लाभ टमाटर एवं बेल वाली फसलों यथा खीरा, लौकी, तोराई, करेला और टिण्डा आदि के लिए मिलेगा। सपोर्ट सिस्टम के उपयोग से सब्जी की फसलों में पौधों को उचित सहारा मिलता हैं। इससे फसलों का बेहतर विकास होता है और उच्च गुणवत्ता और अधिक उत्पादन प्राप्त करने में भी भारी सहायता मिलती हैं। किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
उप निदेशक उद्यान श्रीमती आरती यादव ने बताया की योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक किसान संबंधित उद्यान विभाग कार्यालय अथवा अपने क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक उद्यान से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसानों को सपोर्ट सिस्टम में उपयोग की गई सामग्री के लिब प्रस्तुत करने होंगे। जिसके पश्चात् सत्यापन के आधार पर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष