चालीस देशों की सुपर मॉडल्स ने देखा जयपुर का शाही वैभव
जयपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। गुलाबी नगरी जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, राजस्थानी संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय फैशन का संगम रविवार को देखने को मिलेगा। प्रियंका'स इवेंट्स और एस्थेरिया बैरीज ग्रुप ऑफ होटल्स एंड रिसॉर्ट्स की ओर से प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फैशन एवं ब्यूटी इवेंट ‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ग्रैंड फिनाले रविवार को आगरा रोड स्थित एस्थेरिया बैरीज रिसॉर्ट एंड स्पा में आयोजित होगा। आयोजन में विभिन्न देशों से आईं सुपर मॉडल्स फैशन, सौंदर्य, संस्कृति और रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगी।
ग्रैंड फिनाले से पहले शनिवार को 40 देशों से आईं मॉडल्स ने जयपुर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल का दीदार किया और जयपुर की विश्वविख्यात आभूषण परंपरा को करीब से जाना। शहर भ्रमण के दौरान मॉडल्स सेठ पन्नालाल ज्वेलर्स भी पहुंचीं, जहां उन्होंने पारंपरिक भारतीय आभूषणों की बारीक कारीगरी, अनूठे डिजाइन और एंटीक ज्वेलरी कलेक्शन को देखा।
‘मिस एवं मिसेज सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026’ की खासियत यह है कि इसमें मॉडल्स केवल रैंप पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन ही नहीं करेंगी, बल्कि अपने-अपने देशों की संस्कृति से प्रेरित परिधानों और स्वयं तैयार किए गए कलेक्शन को भी विभिन्न राउंड्स में प्रस्तुत करेंगी। इस पहल के माध्यम से अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक पहनावे, फैशन ट्रेंड्स और रचनात्मकता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम आयोजक डॉ. अजय शर्मा ने सभी सुपर मॉडल्स का स्वागत एवं अभिनंदन किया। ‘बारात ऑन व्हील्स’ के अनूठे अंदाज़ में सुपर मॉडल्स ने संगीत की धुनों पर शानदार डांस प्रस्तुत किया और पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। मॉडल्स की आकर्षक प्रस्तुतियों, उत्साह और शानदार अंदाज़ ने स्वागत को यादगार बना दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य फैशन और मॉडलिंग के क्षेत्र में प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं के बीच संवाद को बढ़ावा देना है। मिस एवं मिसेज श्रेणियों के माध्यम से विविध आयु वर्ग और पृष्ठभूमि की प्रतिभाओं को अपनी पहचान और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश