जिला परिषद उप प्रमुख पद पर कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत निर्वाचित
जयपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। जिला परिषद् जयपुर के उप प्रमुख पद के निर्वाचन में इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी सुनील कुमार कुमावत निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन में सुनील कुमार कुमावत को 41 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सीता राम शर्मा को 13 मत मिले। इस प्रकार दोनों प्रत्याशियों को कुल 54 विधिमान्य मत प्राप्त हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि उप प्रमुख पद के निर्वाचन में कुल 55 मत डाले गए। इनमें से 54 मत विधिमान्य तथा एक मत प्रतिक्षेपित हुआ। निविदत्त मतों की संख्या शून्य रही तथा नोटा के पक्ष में भी कोई मत प्राप्त नहीं हुआ।
रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने निर्वाचन परिणाम की घोषणा करते हुए सुनील कुमार कुमावत को जिला परिषद् जयपुर के उप प्रमुख पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित किया तथा शपथ दिलाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश