सूर्यदेव उत्तरायण : मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया, शहर भर में दिनभर दानपुण्य

 


जोधपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। सूर्य उपासना और दान-पुण्य के साथ ही सूर्य के मकर राशि में प्रवेश का पर्व मकर संक्रांति बुधवार को श्रद्धापूर्वक मनाया गया। सूर्य ने आज मकर राशि में प्रवेश किया। संक्रान्ति के पुण्य काल पर स्नान, दान-पुण्य भी किए गए। सुबह से दान-पुण्य का क्रम शुरू हो गया जो दिनभर चला। इसके साथ ही एक माह का खरमास भी समाप्त हो गया। अब सभी मंगल कार्य शुरू हो गए है।

मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज सुबह से ही मंदिरों के बाहर और अन्य स्थानों पर दान पुण्य किया गया। लोगों ने पवित्र सरोवरों में स्नान भी किया। प्राचीन जलाशयों में भक्तों ने डुबकियां लगाई। घरों में तिल से बने व्यंजन, दाल के पकौड़े आदि बनाए गए। बहन-बेटियों के यहां तिल से बने व्यंजन व अन्य उपहार भेजे गए। वहीं सूर्यदेव के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही मळमास समाप्त हो गया है। मळमास समाप्त होने पर एक माह से रूके हुए गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार, यज्ञोपवीत आदि शुभ कार्य के लिए भी मार्ग प्रशस्त हो गया है।

रातानाडा स्थित कृष्ण मंदिर में मकर संक्रांति पर पतंगों का विशेष शृंगार किया गया। इस झांकी की श्रद्धालुओं ने दर्शन कर उनके साथ सेल्फी भी ली। पुजारी हरि भाई गोस्वामी ने बताया कि मकर संक्रांति पर पतंगों का विशेष महत्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए संक्रांति पर मंदिर को रंग बिरंगी पतंगों से सजाया गया। यहां सुबह से भक्तों का आना-जाना लगा रहा। यहां भगवान को प्रसाद के रूप में तिल से बनी सामग्री का भोग लगाया गया तथा बाहर गरीबों को दान पुण्य किया।

मकर संक्रांति पर्व कई लोगों ने गौशाला में जाकर भी दान पुण्य किए। इसी कड़ी में सांगरिया फांटा स्थित श्री हरि कृष्ण गौशाला में सांगरिया इन्डस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमेरमल जांगिड़, संपतराज लाम्बा, राजेंद्र राठी, गजेंद्र कुलरिया ने गौशाला संचालक मदनलाल से प्रेरित होकर गौशाला को इक्यावन हजार रुपए चारे के लिए अनुदान दिए। अपनी माता पौनी देवी की स्मृति में समाजसेवी संपत राज लांबा ने गौशाला में जाकर दो क्विंटल लापसी गौ माता को खिलाई। कई भक्तों ने गौ माता को गाजर, गुड़ तथा फल, सब्जियां आदि भी खिलाई। इस अवसर पर ईश्वरसिंह, सुमेर सिंह चुंडावत आदि कई समाजसेवी लोगों ने गौ माता की सेवा की।

श्री झूलेलाल सेवा समिति द्वारा संचालित सेवा शिविर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर मकर संक्रांति पर्व पर बुधवार को सेवा शिविर का आयोजन किया गया। समिति अध्यक्ष राजू मंगानी ने बताया कि इस अवसर पर सुबह साढ़े आठ बजे पहली पुलिया स्थित सिंधु सेवा केंद्र में प्रसादी सेवा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सेवादारों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर अशोक पारवानी, श्याम कल्याणी, नरेंद्र फितानी, हेमन्त जान्यानी, पायल जान्यानी, राधा किशन मूलचंदानी, प्रकाश बुलचंदानी, दल्ली मंगलानी, चेतन गंगानी, मुकेश चंगलानी, शंकर तेजवानी, पुरुषोत्तम, जया, सुशील चेलानी, उमेश कुमार, श्याम होतचंदानी, मनोज फितानी सहित अनेक सेवादार उपस्थित रहे। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पर्यटन विभाग जोधपुर द्वारा गांधी मैदान में पतंग उत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन नगर निगम एवं जिला प्रशासन के समन्वय से किया गया, जिसमें आमजन के साथ पर्यटकों की सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश