पेशाब की नली (यूरेटर) की रुकावट का रोबोट से किया सफल इलाज
जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। एपेक्स हाॅस्पिटल के चिकित्सकों ने जन्मजात एक किडनी वाली 35 वर्षीय महिला मरीज के पेशाब की नली (यूरेटर) की रुकावट का रोबोट की मदद से सफल इलाज कर मरीज को पूर्णतया ठीक करने में सफलता हासिल की है। सीनीयर यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. सौरभ जैन के निर्देशन में यह सफल इलाज हुआ। उन्होंने बताया कि मरीज की किडनी के पाइप में पहले पथरी का ऑपरेशन होने के कारण इसमें रुकावट पैदा हो गई थी, ऐसे में मरीज को बचाना जरूरी था। इसके बाद रोबोटिक सर्जरी से यूरेटर के रुकावट वाले पार्ट को हटाकर रास्ता ठीक किया गया। उन्होंने बताया कि यदि इलाज में अधिक देरी होती तो मरीज की किडनी खराब हो सकती थी। उन्होंने बताया कि यूरेटर में रूकावट के चलते किडनी में सूजन, पीछे दर्द के साथ ही पेशाब कम आना शुरू हो चुका था, ऐसे में मरीज भयंकर पीडा से गुजर रहा था। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद महिला को दिन में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। डाॅ. जैन ने बताया कि मरीज पूर्णतया स्वस्थ है एवं सभी समस्याएं पूरी तरह ठीक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक रोबोटिक उपकरणों की सटीकता एवं अन्य संसाधनों के चलते जटिल समस्याएं भी आसानी से हल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश