अजमेर में 19वें रोजगार मेले का सफल आयोजन

 






अजमेर, 23 मई (हि.स.)। भारतीय रेल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय अजमेर के समीप स्थित एसटीआई ऑडिटोरियम में शुक्रवार को 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में वासुदेव देवनानी तथा अजमेर दक्षिण की विधायक अनिता भदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी डिजिटल माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने सुबह 11 बजे ऑनलाइन संबोधन के बाद रिमोट का बटन दबाकर देशव्यापी रोजगार मेले का शुभारंभ किया और नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके बाद अन्य नवनियुक्त उम्मीदवारों को संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा ऑफर लेटर वितरित किए गए।

भारत सरकार के रोजगार मेला अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के लिए कुल 258 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए। इनमें 240 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। व्यक्तिगत रूप से 92 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि 166 अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से नियुक्ति पत्र भेजे गए।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त युवाओं में उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। अधिकारियों ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष