गंभीर रूप से अवमानक औषधि के संबंध में अलर्ट नोटिस जारी

 


जयपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय, राजस्थान ने राज्य में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण अलर्ट नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस राजकीय विश्लेषक, औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, जयपुर से प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। जारी रिपोर्ट के अनुसार बैच नंबर VT25225 की Amoxycillin, Potassium Clavulanate & Lactic Acid Bacillus Tablets (Kilmed 625 LB) नामक औषधि का नमूना गंभीर रूप से अवमानक पाया गया है। आयुक्तालय ने आमजन एवं चिकित्सा संस्थानों से अपील की है कि वे इस बैच की औषधि का उपयोग न करें। यदि यह औषधि कहीं उपलब्ध हो तो इसकी सूचना निकटतम औषधि नियंत्रण अधिकारी को दें।

आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि यह औषधि M/s VADSP Pharmaceuticals, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा निर्मित तथा M/s IQMED Healthcare, जयपुर के लिए विपणन की गई थी। परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि उक्त औषधि में Clavulanic Acid की मात्रा अनुपस्थित (Nil) पाई गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है।

औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि राज्य के सभी सहायक औषधि नियंत्रकों एवं औषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उक्त बैच की उपलब्धता की जांच करें तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 एवं नियमावली, 1945 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, संबंधित निर्माता की अन्य औषधियों के नमूने भी जांच हेतु लेने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर