उदयपुर में महिलाओं ने गुंजाया 'सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र' का सन्देश

 




उदयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय सेवा संस्थान एवं कैट विमेन विंग उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में “सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र (नारी नेतृत्व की ओर)” विषय पर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में लगभग 500 महिलाओं एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नारी शक्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कैट विमेन विंग अध्यक्ष एवं नेशनल कोर कमेटी नेशनल विंग मेंबर विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर विशेष चर्चा की गई, जिसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया।

मुख्य अतिथि भरतपुर जिले के नगर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक डॉ. अनिता गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उन्हें नीति-निर्माण में सशक्त भूमिका देगा। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मूंदड़ा ने नारी शक्ति को समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह कानून राष्ट्र निर्माण में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

कार्यक्रम में मेवाड़ हाईटेक इंजीनियरिंग की डायरेक्टर रीना राठौड़ ने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाओं की समान भागीदारी को आवश्यक बताया। आरएनटी कॉलेज की कीर्ति सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।

भारतीय सेवा संस्थान की डायरेक्टर मोनिका मूंदड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान एवं मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर समाज, शिक्षा, चिकित्सा एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 महिलाओं—तिथि बोहरा, डॉ. सोनू जैन, डॉ. गुनीत मूंगा, आकृति मलिक, साक्षी भट्ट, कृति शर्मा, भूमिका कुमारी गर्ग, शीतल अग्रवाल, स्नेहा बाबेल, शिवानी मेनारिया एवं योगिनी शाह—को ‘शक्तिस्वरूपा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता