शाला संबलन योजना के विरोध में निजी स्कूलों में हड़ताल

 


जोधपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। गैर सरकारी विद्यालय बचाओ संघर्ष समिति जोधपुर के आह्वान पर आज शहर के अधिकांश निजी विद्यालय बंद रहे। उन्होंने राज शाला संबलन योजना के तहत निजी विद्यालयों के नियमित निरीक्षण आदेश का विरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने आरटीई के बकाया भुगतान की भी मांग की है। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे गए है।

निजी स्कूल संचालकों ने बताया कि शाला संबलन योजना को तत्काल वापस लेने, निजी विद्यालयों पर बिना संवाद एवं बिना सहमति कोई नई व्यवस्था लागू नहीं करने, विद्यालयों पर अनावश्यक प्रशासनिक एवं आर्थिक बोझ समाप्त करने, आरटीई भुगतान एवं अन्य लंबित देयों का शीघ्र भुगतान करने, निजी विद्यालयों के प्रतिनिधियों से वार्ता कर व्यवहारिक समाधान निकालने आदि की मांग को लेकर आज समस्त गैर सरकारी विद्यालय पूर्णत: बंद रहे। इसके साथ जोधपुर जिला एवं उपखंड मुख्यालय पर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर व एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया कि निजी स्कूल पूर्णत: स्ववित्तपोषित संस्थाएं हैं और इनका संचालन संविधान तथा राज्य के शिक्षा संबंधी अधिनियमों के तहत होता है। विभाग को मान्यता, नवीनीकरण और अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से पहले से ही निरीक्षण का अधिकार प्राप्त है। समिति का तर्क है कि मोबाइल ऐप के जरिए प्रत्येक माह विभिन्न अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण की यह नई व्यवस्था अनावश्यक प्रशासनिक नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास है। यह प्रणाली निजी विद्यालयों की स्वायत्तता के खिलाफ है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होने के बजाय अनावश्यक दबाव बढ़ेगा और इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश