रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के आसपास अवैध निर्माण एवं खनन पर सख्ती के निर्देश

 


सवाई माधोपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन ने रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के आसपास अतिक्रमण, अवैध निर्माण एवं अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा वन्यजीव संरक्षण के लिए निर्देश जारी किए हैं। वन और आस-पास के क्षेत्र में विभिन्न गणिविधियों पर सतत निगरानी के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित उच्चाधिकार प्राप्त (एम्पावर्ड) समिति ने शुक्रवार को हुई बैठक में संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर काना राम ने विभागों को वन क्षेत्र तथा वन्यजीव सुरक्षा से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने अमरेश्वर एवं शेरपुर चेक पोस्ट पर पुलिस, वन एवं परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। साथ ही, रणथम्भौर टाइगर रिजर्व की सीमा के आसपास अवैध निर्माण एवं व्यावसायिक गतिविधियों से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करें।

कलक्टर ने अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कराने तथा कार्रवाई का विवरण संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध सख्ती बरतने तथा बिना पंजीकरण अथवा नियमानुसार आवश्यक पहचान के बिना वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए अतिक्रमण पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए वन, पुलिस, परिवहन आदि विभागों की संयुक्त गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए तथा तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर वन क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

बैठक में उपवन संरक्षक मानव सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, संयुक्त निदेशक डीओआईटी पंकज मीणा, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, तहसीलदार राकेश मीना सहित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश वर्मा सहित परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव