राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग में साई जयपुर सेंटर का शानदार प्रदर्शन

 


जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के जयपुर सेंटर के वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय स्कूल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक जीते। खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल कर सेंटर का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पांच खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय स्तरीय चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 नवंबर से मणिपुर में आयोजित होगी।

साई जयपुर सेंटर के वेटलिफ्टिंग कोच कुलदीप सिंह शेखावत ने बताया कि सहायक निदेशक साहिला सासन और सेंटर प्रभारी जॉय चाको के निर्देशन में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, तकनीक, फिटनेस और प्रतियोगिता की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। नियमित अभ्यास और वैज्ञानिक प्रशिक्षण का परिणाम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के रूप में सामने आया।

प्रतियोगिता में दीपांशु राणा, आयुष कुमार, यश पवार, अंशुल और आलोक कुमार ने स्वर्ण पदक जीते। रावेंद्र और प्रियांशु ने रजत, जबकि आग्निक और रितेश नायक ने कांस्य पदक हासिल किए। स्वर्ण पदक विजेता पांचों खिलाड़ियों का चयन एसजीएफआई की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

कोच शेखावत ने बताया कि साई जयपुर सेंटर में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल उपकरण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों की देखरेख में खिलाड़ियों को नियमित एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण के साथ उचित पोषण भी उपलब्ध कराया जाता है। सेंटर का उद्देश्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर कबड्डी कोच राहुल कुमार सहित सेंटर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश