राज्य स्तरीय बड़ा बापजी स्नूकर लीग का शुभारंभ
जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। उम्मेद भवन पैलेस में राज्य स्तरीय बड़ा बापजी स्नूकर लीग के चौथे संस्करण का शुभारंभ आज पूर्व नरेश गजसिंह ने किया। उन्होंने स्नूकर टेबल पर क्यू बॉल से निशाना साधकर कलर बॉल को हिट करते हुए प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
यह लीग राज मारवाड़ खेल महोत्सव एवं राजस्थान बिलियर्ड्स और स्नूकर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों जयपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, सिरोही, पाली, जालोर और बीकानेर सहित अन्य जिलों के राष्ट्रीय स्तर के स्नूकर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान राज मारवाड़ खेल महोत्सव के अध्यक्ष उत्कर्ष सिंह, उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, महासचिव मनोज मालानी, जोधपुर राज मारवाड़ स्नूकर विंग के अध्यक्ष कैलाश सोनी, उपाध्यक्ष लोकेश सोनी एवं माधव चारण सहित अनेक खेल प्रेमी और पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में गत विजेता दीपक करवा तथा उपविजेता जॉय गौतम भी एक बार फिर खिताब की दौड़ में शामिल हैं। राज मारवाड़ खेल महोत्सव के सह संस्थापक राजेन्द्र कुमार गुर्जर ने बताया कि शिवराज सिंह इस आयोजन के प्रमुख प्रेरणास्रोत एवं संस्थापक स्तंभ हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश