समर्थन मूल्य पर 10 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीद
जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग जयपुर द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में रबी विपणन वर्ष (आरएमएस) 2026-27 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा केे लिए श्रीगंगानगर जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
बैठक में अवगत करवाया गया कि केन्द्र सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। रबी विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद 10 मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक की जायेगी। गेहूं खरीद के लिए खाद्य विभाग की वेबसाईट पर ‘‘गेहूं खरीद के लिए किसान रजिस्ट्रेशन’’ उपलब्ध है।
एमएसपी पर गेहूं खरीद के लिए ऑनलाईन पंजीकरण खाद्य विभाग, जयपुर के पोर्टल पर 1 फरवरी से 25 जून 2026 तक किया जा सकता है। गेहूं खरीद हेतु वर्ष 2026-27 के लिए जिला श्रीगंगानगर के लिए कुल 52 खरीद केन्द्र निर्धारित किये गये हैं। इसमें भारतीय खाद्य निगम के 24, तिलम संघ 19, एनसीसीएफ के 2 तथा आरएसएफसीएससी के 07 खरीद केन्द्र निर्धारित किये गये हैं।
खाद्य विभाग द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जिला श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं को सुगम व किसानों को निर्धारित समय पर भुगतान करवाने हेतु नवाचार किया गया है। इसके तहत एक मण्डी में एक से अधिक क्रय एजेंसी गेहूं खरीद का कार्य करेगी तथा इस वर्ष गेहूं खरीद प्रक्रिया में गेहूं हैण्डलिंग का कार्य आढ़तियों के माध्यम से करवाये जाने के निर्देश दिये गये।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) सुभाष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सतर्कता) श्रीमती रीना, जिला रसद अधिकारी कविता सिहाग, भूपेन्द्र सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, संयुक्त निदेशक, कृषि विपणन विभाग, अध्यक्ष, पूर्व व्यापार मण्डल, अध्यक्ष दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन, क्रय एजेंसियां सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश