सेंट एन्सलम व द मस्कॉट स्कूल ने जीते नृत्य व गायन प्रतियोगिता के खिताब

 




अजमेर, 25 अप्रेल(हि.स.)। सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित 860वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सूचना केन्द्र के सभागार में आयोजित देशभक्ति गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता के अन्तर्गत शहर की शिक्षण संस्थाओं ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। सेंट एन्सलम स्कूल की छात्राओं ने नृत्य प्रतियोगिता में तथा द मस्कॉट स्कूल के छात्र ने एकल गीत में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए खिताब जीते।

समारोह समिति के समन्वयक कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिभागियों द्वारा एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां रहीं जिसमें प्रतिभागियों ने वीर योद्धा सम्राट पृथ्वीराज चौहान के शौर्य, पराक्रम एवं मातृभूमि के प्रति समर्पण को गीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियों और भावपूर्ण नृत्य ने उपस्थित दर्शकों में जोश और गर्व की भावना भर दी।

समारोह के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद के सरंक्षक सुरेश चंद गोयल, कार्यक्रम के अध्यक्ष अन्तर्राष्ट्रीय बास्केट बॉल खिलाड़ी एवं कॉमन कॉज सोसायटी के महासचिव विनीत लोहिया,विशिष्ठ अतिथि भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रमेश जाजू, सचिव लक्ष्मी नारायण बंसल, रेखा गोयल, भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेन्द्र कुमार तीर्थाणी थे।

सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम सेंट एन्सलम स्कूल, द्वितीय गुरुकुल पब्लिक स्कूल बडल्या व तृतीय गुरुकुल पब्लिक स्कूल भगवानगंज रही।

एकल गीत प्रतियोगिता में प्रथम द मस्कॉट स्कूल, द्वितीय एच.के.एच. पब्लिक स्कूल व तृतीय जीनियस कॉन्वेट स्कूल रहे।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। युक्ता शर्मा, होतचंद मोरयानी निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति की ओर से मंच संचालन शिव प्रसाद गौतम तथा धन्यवाद विष्णु अवतार भार्गव ने दिया। इस अवसर पर पुरषोतम तेजवानी, चन्द्रभान प्रजापति आदि उपस्थित थे।

सभी विजेताओं को पुरस्कार व प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र 17 मई को पृथ्वीराज स्मारक पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में प्रदान किये जायेंगे।

सम्राट पृथ्वीराज चौहान राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन लोहागल स्थित करणी स्पोर्टस् एवं एडवेन्चर अकादमी परिसर में रविवार 26 अप्रेल से किया जायेगा। आयोजन सचिव हिम्मत सिंह राठौड़ के अनुसार दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं, पुरुष व महिलाएं भाग लेगी। प्रातः 10 बजे उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत एडिशनल एस.पी. विक्रम सिंह राठौड़ होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष