शहर में छाई सावन की मस्ती, महिलाओं ने घूमर और नृत्य से बांधा समां

 


जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। शहर में इन दिनों सावन की मस्ती छाई हुई है। कई स्थानों पर सावन महोत्सव का आयोजन हो रहा है।

महावीर पुरम विकास समिति की ओर से ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सावन महोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और सावन के रंग में रंगकर उत्सव का भरपूर आनंद लिया। महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरे मंदिर परिसर में उमंग, उल्लास और खुशियों का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक नृत्य, सामूहिक घूमर सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महावीर पुरम विकास समिति के अध्यक्ष श्रीकान्त शर्मा एवं सचिव राजेश बोड़ा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। आयोजन को व्यवस्थित एवं यादगार बनाने में रश्मि माथुर, प्रभा, रश्मि आसोरिया, आशा, उगम कौर, वंदना, सोनाली, वर्षा, कविता एवं सरस्वती सहित कॉलोनी की महिलाओं का विशेष सहयोग रहा।

पीपा क्षत्रिय समाज विधानगर का दो दिवसीय सावन महोत्सव 22 से

श्री समस्त पीपा क्षत्रिय समाज विद्यानगर जोधपुर का दो दिवसीय सावन महोत्सव 22 और 23 अगस्त को समाज भवन में आयोजित किया जाएगा। दो दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक प्रतियोगिताओं के साथ सावन की अनूठी छटा बिखरेगी। पहले दिन रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी।

समाज के अध्यक्ष भीमराज राखेचा ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 22 अगस्त को दोपहर 2 से 3 बजे तक मिस एवं मिसेज वर्ग के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3 से 4 बजे तक मेहंदी और 4 से 5 बजे तक म्यूजिकल चेयर रेस का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 से 6 बजे तक 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश