पीएम मोदी की सभा से पहले एसपीजी ने संभाला मोर्चा, वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने की ट्रायल लैंडिंग
-कायड़ विश्राम स्थली पर पीएम की जनसभा के चलते अजमेर-किशनगढ़ नेशनल हाइवे पर यातायात रहेगा बंद
-किशनगढ़ एयरपोर्ट से सभा स्थल तक करीब 15 किलोमीटर का सफर हेलीकॉप्टर तय करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
अजमेर, 26 फरवरी(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को अजमेर-किशनगढ़ के बीच स्थित कायड़ विश्राम स्थली पर प्रस्तावित जनसभा को लेकर गुरुवार को एसपीजी ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश की तमाम खुफियां एजेंसियां अलर्ट पर हैं। प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक अधिकारी एवं पदाधिकारी स्थिति पर बराबर नजर बनाए हुए हैं। गुरुवार को दोनों ही स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की गई एवं प्रशासनिक स्तर पर सभी तरह की ट्रायल भी की गई। इस जन सभा में अजमेर संभाग के करीब 2 लाख लोगों के एकत्र होने की अनुमानित तैयारी की गई। इस सभा में पीएम मोदी करीब 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे तथा 21 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी देंगे।
पीएम मोदी की सभा के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ सरकारी स्तर पर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। सभा स्थल पर दो लाख लोगों को एकत्रित करने की योजना बनाई जा रही है। पुलिस प्रशासन पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम कर रहा है, ताकि प्रदेश भर से आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने की परेशानी न हो। चूंकि पीएम मोदी की सुरक्षा के कड़े मापदंड है, इसलिए सुरक्षा अधिकारियों ने तय किया है कि पीएम मोदी जब तक कायड़ विश्राम स्थली की सभा में रहेंगे, तब तक अजमेर-किशनगढ़ के बीच नेशनल हाइवे पर यातायात को बंद रखा जाएगा। असल में यह कायड़ विश्राम स्थली इसी हाइवे पर है। पीएम मोदी का 28 फरवरी को प्रातः साढ़े 9 बजे किशनगढ़ के एयरपोर्ट पर पहुंचने का कार्यक्रम है। लेकिन पीएम मोदी के किशनगढ़ एयरपोर्ट पर आने से एक घंटा पहले ही नेशनल हाइवे पर यातायात को बंद कर दिया जाएगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने बताया कि प्रशासन के स्तर पर पॉइंट बना कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि सुरक्षा के नजरिए से सभी बिंदुओं को चिंहिंत कर 10 आपीएस अधिकारी तैनात किए गए हैं। 5000 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था, पार्किंग आदि को लेकर सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। जयपुर से आने वाले ट्रैफिक को किशनगढ़ से पहले ही नसीराबाद वाले मार्ग पर मोड़ा जाएगा। इसी प्रकार अजमेर से आने वाले ट्रैफिक को भी माखुपुरा से पूर्व ही मोड़ा जाएगा। यानी किसी भी वाहन को पीएम मोदी के रहते नेशनल हाइवे पर नहीं आने दिया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि अजमेर-किशनगढ़ के नेशनल हाइवे पर सुबह के समय सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है। पीएम मोदी जब किशनगढ़ एयरपोर्ट से रवाना होंगे, इसके बाद ही नेशनल हाइवे पर यातायात को शुरू किया जाएगा। माना जा रहा है कि पीएम मोदी दोपहर एक बजे तक सभा स्थल पर रह सकते हैं।
पीएम मोदी दिल्ली से विशेष विमान के जरिए किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेंगे। किशनगढ़ एयरपोर्ट से कायड़ विश्राम स्थली की दूरी करीब 15 किलोमीटर है, लेकिन सुरक्षा कारणों से पीएम मोदी इस 15 किलोमीटर का सफर हेलीकॉप्टर से तय करेंगे। कायड़ विश्राम स्थली के सभा मंच के निकट ही अस्थाई हेलीपैड बनाया गया है। पीएम मोदी किशनगढ़ एयरपोर्ट से अस्थाई हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से आएंगे। यदि पीएम मोदी किशनगढ़ एयरपोर्ट से कायड़ विश्राम स्थली तक का सफर सड़क मार्ग तय करते हैं तो सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त करने होंगे। 15 किलोमीटर के सफर में पीएम मोदी को मुश्किल से पांच मिनट भी नहीं लगेंगे।
वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने गुरुवार को सभा स्थल पर उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर ने यहां टेक आफ और लैंडिंग कर भी देखा।
प्रधानमंत्री की सभा को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। देश व प्रदेश की तमाम सुरक्षा एजेंसियां, खुफिया विभाग अलर्ट मोड पर है। प्रधानमंत्री के सभा स्थल की हवाई निगरानी भी रखी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा के सफल आयोजन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भारतीय जनता पार्टी, अजमेर कार्यालय में आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के ओएसडी एवं मुख्य प्रवक्ता धनराज सोलंकी ने सभी पदाधिकारियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिकतम जनसंपर्क सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बूथ स्तर तक सोशल मीडिया नेटवर्क को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी हिरेन्द्र कौशिक ने संभाग पदाधिकारियों को संगठित एवं योजनाबद्ध डिजिटल रणनीति से ही अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने की सलाह दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से रचनात्मक, सकारात्मक एवं प्रभावी डिजिटल अभियान चलाकर जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कहा। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया पैनलिस्ट डॉ. अरविंद गिरधर शर्मा ने कहा कि अजमेर की यह जनसभा संगठन की एकजुटता एवं जनसमर्थन का प्रतीक बनेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासित, सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने अराईं पंचायत समिति सभागार में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अराईं एवं बोराड़ा मंडल की संयुक्त बैठक कर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों एवं आमजन को बड़ी संख्या में जनसभा स्थल तक लाने के लिए घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने का आग्रह किया। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता के साथ जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे सम्मिलित होंगे। इस जनसभा के उपरांत व बीकानेर के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल सुबह 10:20 घूघरा हैलीपेड पर उतरेंगे।
श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह को गुरुवार को जिला प्रशासन ने सुरक्षा उपायों के चलते नजरबंद कर लिया। बताया जा रहा है कि महिपाल ने यूजीसी कानून के विरोध में प्रधानमंत्री को काले झंडे दिखाने की घोषणा की थी।
अजमेर में गुरुवार को यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा के नेतृत्व ने यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने एसपी आफिस के बाहर प्रदर्शन किया एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाए और मोदी के अजमेर आगमन पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मोदी का काले झंडे से स्वागत किया जाएगा। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने मोदी पर कम्प्रोमाइज पीएम का आरोप लगाया, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी किए जाने पर गहरी नाराजगी दर्शाई और रोष व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष