तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला, बेटे का जन्मदिन मनाने जा रहे दंपती की मौत

 


बूंदी, 09 जुलाई (हि.स.)। बेटे का जन्मदिन मनाने की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब कोटा जा रहे एक रिटायर्ड शिक्षक और उनकी पत्नी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार कापरेन निवासी केदार लाल शर्मा (65) अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ बाइक से कोटा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ फरार हो गया।

सूचना मिलते ही केशवरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कापरेन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।

एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती अपने बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए कोटा जा रहे थे। उनके दो बेटे कोटा में रहते हैं। बड़ा बेटा रामलाल शर्मा चिकित्सा विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा सुनील शर्मा इलेक्ट्रॉनिक्स का व्यवसाय करता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और जन्मदिन की तैयारियां मातम में बदल गईं।

पुलिस को घटनास्थल से हेलमेट मिला, जिसकी बेल्ट मृतक केदार लाल शर्मा के गले में फंसी हुई थी। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए गुडला टोल नाके सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित