तेज रफ्तार ट्रेलर ने मां-बेटे को कुचला

 


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र के नींदड़ मोड़ पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सीमेंट से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए।

थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे चौंमू से जयपुर की ओर आ रहा सीमेंट से भरा ट्रेलर नींदड़ मोड़ के पास आगे चल रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार महिला और उसका बेटा सड़क पर गिर गए और ट्रेलर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया।

इस हादसे में 40 वर्षीय संगीता कंवर और उनके 18 वर्षीय बेटे सूर्या (कृष) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मूलतः डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र स्थित मनसा माता नगर में किराए के मकान में रह रहे थे।

एएसआई हरि सिंह ने बताया कि मां-बेटे मार्बल का काम करते थे और मंगलवार सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इस हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं ट्रेलर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश