तारानगर में तेज रफ्तार कार का कहर, चाचा-भतीजे की मौत

 


जयपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। घर में दो दिन पहले बेटे के जन्म की खुशियां गूंजी थीं, लेकिन गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। चूरू जिले के तारानगर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार भी पलट गई। एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, तारानगर निवासी मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि बुधवार को उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार के लोग अस्पताल में जच्चा-बच्चा के साथ मौजूद थे। इसी दौरान गुरुवार रात करीब 10 बजे उनके छोटे भाई संजय कुमार (38), जिन्हें मिथुन के नाम से भी जाना जाता था, और उनके भतीजे कालूराम (34) बाइक लेकर अस्पताल के पास स्थित होटल से खाना लेने निकले थे।

बताया गया कि होटल दिल्ली दरबार से करीब 500 मीटर पहले तारानगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने गलत साइड से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार पलट गई और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास मौजूद होटल कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वाले संजय कुमार और कालूराम दोनों तारानगर नगरपालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। संजय पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी पत्नी निर्मला भी नगरपालिका में सफाई कर्मचारी हैं। संजय के तीन बेटे हैं। वहीं, कालूराम तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना की जानकारी मिलने पर नगरपालिका चेयरमैन हरिप्रसाद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।

पुलिस ने मुकेश कुमार की रिपोर्ट के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित