तेज रफ्तार कार ने दाे पुलिसकर्मियों को मारी टक्कर, एएसआई गंभीर

 


अजमेर, 08 अगस्त (हि.स.)। शहर के नया बाजार चौपड़ पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में दरगाह थाना क्षेत्र की त्रिपोलिया गेट चौकी पर तैनात एएसआई राजेंद्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मी रोड क्रॉस कर रहे थे, इसी दौरान साइड से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। एएसआई राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी हालत गंभीर बताई गई। बाद में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें जयपुर के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों पुलिसकर्मी बाइक से रोड क्रॉस करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान साइड से तेज रफ्तार कार आती है और बाइक को जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर लगते ही दोनों पुलिसकर्मी बाइक समेत सड़क पर गिर जाते हैं। हादसा सड़क पर लगी बेरिकेडिंग के पास हुआ। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ शिवम जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि एएसआई राजेंद्र प्रसाद अपनी कार कोतवाली थाने में खड़ी कर हेड कांस्टेबल के साथ बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नया बाजार चौपड़ पर हादसा हो गया। हेड कांस्टेबल के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि एएसआई राजेंद्र प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई है।

प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अजमेर से जयपुर के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। उनकी हालत को देखते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें जयपुर भेजा गया।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी जेएलएन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल में मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी उन्होंने उपचार और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

देवनानी ने बताया कि दोनों घायलों को हादसे के तुरंत बाद अस्पताल लाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया था। एएसआई को उनके परिजनों की इच्छा के अनुसार जयपुर के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया है। मरीज के साथ एक वरिष्ठ नर्सिंग स्टाफ को भी भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित