ओवरस्पीड कार ने दो शिक्षिकाओं को रौंदा

 




जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। आमेर थाना क्षेत्र के ढड गांव में ओवरस्पीड कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिला शिक्षिकाओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल अमन सिंह ने बताया कि हादसा बुधवार शाम करीब 4 बजे ढड गांव स्थित 200 फीट रोड के पास हुआ। मृतका की पहचान ममता (46) पत्नी योगेश माहेश्वरी, निवासी मानबाग, जयसिंहपुरा के रूप में हुई है। वहीं घायल अंजलि राजोरिया, निवासी मानबाग, जयसिंहपुरा को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के अनुसार दोनों शिक्षिकाएं आमेर के ढड गांव स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। स्कूल की छुट्टी के बाद वे पैदल घर जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल निम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान ममता की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घायल शिक्षिका अंजलि राजोरिया ने दो दिन पहले ही स्कूल जॉइन किया था, जबकि ममता पिछले करीब 10 वर्षों से उसी स्कूल में शिक्षण कार्य कर रही थीं। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश