दीपावली पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष व्यवस्था: क्यूआर कोड से मिलेगी पार्किंग और यातायात की लाइव जानकारी

 


जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। धनतेरस से गोवर्धन पूजा तक 6 से 9 नवंबर तक आमजन को पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की लाइव जानकारी क्यूआर कोड और वेबलिंक के माध्यम से मिलेगी। पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि इसके लिए https://diwali.jaipurtrafficpolice.in वेबलिंक जारी किया गया है। इसे खोलकर लोग पार्किंग और यातायात की स्थिति जान सकेंगे।

पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। झोटवाड़ा और स्टेशन रोड की तरफ से आने वाले वाहन चांदपोल अनाज मंडी व चांदपोल मेट्रो स्टेशन पार्किंग में खड़े हो सकेंगे। माउंट रोड, ब्रह्मपुरी और चौगान की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए चौगान स्टेडियम में पार्किंग रहेगी।

सीकर रोड, अजमेर रोड, मानसरोवर और टोंक रोड की ओर से आने वाले वाहन नारायण सिंह तिराहा, त्रिमूर्ति सर्किल, धर्म सिंह सर्किल, एमडी रोड और सांगानेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग में पहुंच सकेंगे। वहीं, परकोटे के स्थानीय निवासी 6 से 9 नवंबर तक रामनिवास बाग स्थित जेडीए पार्किंग और रामलीला मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे।

पुलिस ने परकोटे में सीमित पार्किंग को देखते हुए आमजन से रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है। नो-पार्किंग और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ ड्रोन और कैमरों से निगरानी कर चालान की कार्रवाई की जाएगी।

दीपावली पर बाजारों में खरीदारी और रोशनी देखने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जयपुर मेट्रो का संचालन देर रात तक किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय नजदीकी मेट्रो स्टेशन और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की अपील की है। साथ ही आपातकालीन वाहनों और एम्बुलेंस की आवाजाही निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश