चार दिसंबर को डीआरटी जयपुर में लगेगी विशेष लोक अदालत, 4 हजार ऋण प्रकरणों के निस्तारण की तैयारी

 


जयपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। लंबे समय से ऋण विवादों और वसूली से जुड़े मामलों में राहत का इंतजार कर रहे किसानों और अन्य ऋणकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है। ऋण वसूली अधिकरण (डीआरटी) जयपुर में 4 दिसंबर को तीसरी विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इस विशेष लोक अदालत में करीब चार हजार प्रकरण रखे जाने की तैयारी है। आयोजन का उद्देश्य आपसी सहमति से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कर ऋणकर्ताओं को राहत देना और बैंकों की लंबित वसूली को गति देना है।

डीआरटी जयपुर और डीआरटी बार एसोसिएशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस विशेष लोक अदालत का शुभारंभ ऋण वसूली अपीलीय अधिकरण दिल्ली के अध्यक्ष न्यायाधीश डॉ. सुधीर कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार करीब 400 करोड़ रुपए की वसूली हो सकती है।

डीआरटी जयपुर में आयोजित पिछली दो विशेष लोक अदालतों के परिणामों ने तीसरे आयोजन की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। दोनों आयोजनों में 750 से अधिक प्रकरणों का निस्तारण किया गया और समझौतों के माध्यम से बैंकों को करीब 750 करोड़ रुपए की वसूली हुई। पहली विशेष लोक अदालत 14 नवंबर 2025 को आयोजित हुई थी, जिसमें 250 से अधिक लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण हुआ था।

इसके बाद 8 मई 2026 को दूसरी विशेष लोक अदालत लगाई गई। इसमें करीब 3 हजार प्रकरण सूचीबद्ध किए गए और तीन अलग-अलग पीठों के माध्यम से सुनवाई हुई। इस दौरान 500 से अधिक मामलों का निस्तारण हुआ और 300 करोड़ रुपए से अधिक की वसूली की गई।

पिछले आयोजनों की सफलता और किसानों व अन्य ऋणकर्ताओं की मांग को देखते हुए इस बार दायरा और बड़ा किया गया है। करीब 4 हजार प्रकरणों को विशेष लोक अदालत में रखने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए डीआरटी बार एसोसिएशन, अधिवक्ताओं, बैंकों और अधिकरण के कर्मचारियों के स्तर पर मामलों की जानकारी जुटाने तथा संबंधित पक्षकारों से संपर्क करने का काम किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार सुनवाई से पहले ऋण खातों का विवरण, भुगतान प्रस्ताव और समझौते की संभावनाओं पर बातचीत होने से कई मामलों में उसी दिन समाधान का रास्ता तैयार हो सकता है।

विशेष लोक अदालत समन्वय समिति के संयोजक अनिल शर्मा ने बैंकों, वित्तीय संस्थानों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और परिसंपत्ति पुनर्निर्माण कंपनियों से ऐसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने का आग्रह किया है, जिन्हें ऋणकर्ताओं को रियायत देने तथा भुगतान के लिए 31 मार्च 2027 तक का समय मंजूर करने का अधिकार हो। इससे उन ऋणकर्ताओं को फायदा मिल सकता है, जो एकमुश्त या निर्धारित अवधि में भुगतान कर अपने पुराने ऋण विवाद का समाधान करना चाहते हैं।

लोक अदालत के दिन पक्षकारों की सहायता के लिए करीब 100 स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि जिन मामलों में 4 दिसंबर को तत्काल समझौता नहीं हो पाएगा, उनमें भी दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत भविष्य में समाधान का आधार बन सकती है। डीआरटी जयपुर में लंबित प्रकरण वाले और समझौता करने के इच्छुक ऋणकर्ता 4 दिसंबर से पहले संबंधित बैंक शाखा या अपने अधिवक्ता से संपर्क कर सकते हैं। उन्हें अपनी प्रकरण संख्या, ऋण खाते का विवरण और वे कितनी राशि किस अवधि में चुका सकते हैं, इसका स्पष्ट प्रस्ताव तैयार रखने की सलाह दी गई है।

बैंकों और वित्तीय संस्थानों से भी समझौते योग्य मामलों की पहचान कर संबंधित ऋणकर्ताओं से पहले ही संपर्क करने तथा लोक अदालत में निर्णय लेने के लिए अधिकृत अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित