ई-चालान निस्तारण के लिए विशेष शिविर: जयपुर के 24 थानों में लगेंगे कैंप
जयपुर, 06 मई (हि.स.)। यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते लंबित पड़े ई-चालानों के निस्तारण के लिए जयपुर पुलिस ने विशेष शिविर लगाने का निर्णय लिया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर ये शिविर मोटर यान अधिनियम के तहत लंबित चालानों की प्रशमन राशि जमा कराने के लिए आयोजित किए जाएंगे।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात) योगेश दाधीच ने बताया कि शहर के 24 थानों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
यातायात पुलिस उपायुक्त योगेश गोयल ने बताया कि यह शिविर 8, 9 व 10 मई को अशोक नगर, कानोता, भांकरोटा, माणक चौक,11, 12 व 13 मई को मालवीय नगर, बजाज नगर, बगरू, हरमाड़ा,14, 15 व 16 मई को प्रताप नगर, गांधी नगर, झोटवाड़ा, सदर, 17, 18 व 19 मई को शिप्रापथ, जवाहर सर्किल, चौमू, जयसिंहपुरा खोर,20, 21 व 22 मई को मुहाना, सांगानेर, विश्वकर्मा, विद्याधर नगर और 23, 24 व 25 मई को सांगानेर सदर, रामनगरिया, बनीपार्क, शास्त्री नगर में लगेंगे। शिविरों में वाहन स्वामियों को उनके लंबित चालानों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से मौके पर ही भुगतान की सुविधा दी जाएगी। शिविरों के अतिरिक्त अजमेरी गेट स्थित यादगार भवन की चालान शाखा (कमरा नंबर 30 व 31) में भी चालान निस्तारण की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश