पुरुषोत्तम मास में हरि सेवा धाम पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष देवनानी
भीलवाड़ा, 23 मई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर भीलवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर हरि सेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की। आध्यात्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधानसभा अध्यक्ष का आश्रम पहुंचने पर संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया।
हरि सेवा धाम पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी महाराज से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए धर्म, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना भी की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर संत-महात्माओं एवं गुरुजनों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आश्रम में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का अवलोकन करते हुए श्रद्धालुओं से भी संवाद किया। धार्मिक वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का विशेष उत्साह देखने को मिला।
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज को एकजुट रखने और मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है और इस दौरान किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठान मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। आज के आधुनिक दौर में भी सनातन परंपराओं का महत्व लगातार बढ़ रहा है और समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं, समाजजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। आश्रम परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, उपखंड अधिकारी अरुण जैन, रविंद्र जाजू, जनप्रतिनिधि मनीष समदानी, कैलाश सोनी, रामचंद्र मूंदड़ा, सौरभ काबरा, भाजपा प्रवक्ता विनोद जुर्रानी, शिवप्रकाश चन्नाल, देवेंद्र गोयल, किशोर लखवानी, जय नारायण जोशी, लादूलाल तेली सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद