विधानसभा में स्पीकर देवनानी की पहल पर एक और नवाचार
जयपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अंडर व्हीकल सर्विलांस सिस्टम का रिमोट से बटन दबाकर उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि लोकसभा सचिवालय की तर्ज पर राजस्थान विधानसभा में स्थापित इस प्रणाली से विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच आसानी से हो सकेगी। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने में भी यह उपयोगी सिद्ध होगी।
देवनानी ने बताया कि बूम बेरियर से संचालित इस व्यवस्था में एक करोड 6 लाख रूपये की राशि व्यय हुई है। यह व्यवस्था विधान सभा के द्वारा संख्या 6,7 और 8 पर संचालित की गई है।
स्पीकर देवनानी ने बताया कि विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, आगंतुकों एवं अन्य व्यक्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दृष्टि से आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए वाहन जांच व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अंडर व्हीकल सर्विलांस सिस्टम स्थापित किया गया है। यह एक आधुनिक वाहन निरीक्षण प्रणाली है, जिसके माध्यम से किसी वाहन के निचले हिस्सों की तस्वीरें भी ली जा सकती है। सामान्य रूप से वाहन के नीचे का हिस्सा सीधे देखने में कठिनाई होती है, लेकिन इस तकनीक की सहायता से वाहन के निचले भाग का स्पष्ट दृश्य प्राप्त किया जा सकता है। इससे सुरक्षा जांच में सहायता मिलती है।
देवनानी ने बताया है कि इस प्रणाली में विशेष कैमरे, इमेज कैप्चर करने वाले उपकरण, प्रकाश व्यवस्था, इमेज डिस्प्ले स्क्रीन तथा तस्वीरों को देखने और उनका विश्लेषण करने के लिए सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि इससे ऐसे हिस्सों को देखना आसान होता है, जिनकी सामान्य जांच में अनदेखी हो सकती है। इससे सुरक्षा कर्मियों को वाहन की जांच अधिक व्यवस्थित तरीके से करने में सुविधा मिलती है।
देवनानी ने बताया कि सिस्टम में उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर वाहनों की तस्वीरों, जांच विवरण तथा प्रवेश संबंधी रिकॉर्ड को सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी का पुनः अवलोकन किया जा सकता है। स्थापित तकनीकी सुविधाओं के अनुसार यूवीएसएस प्रवेश द्वार पर मौजूद अन्य सुरक्षा उपकरणों एवं निगरानी प्रणालियों के साथ उपयोग किया जा सकता है, जिससे सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलती है। देवनानी ने विधान सभा में अपग्रेड वायरलैस सेट व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधानसभा राज्य की लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य आगंतुकों का आवागमन होता है। ऐसे में परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की समुचित जांच करना सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस मौके पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा सहित विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित