एसपी अमृता दुहन का जनता से संवाद: बेटियों को परेशान करने वालों की दें सूचना, पुलिस नहीं छोड़ेगी

 


उदयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के गोगुंदा कस्बे में पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने जनता से संवाद करते हुए अपराध के खिलाफ खुलकर जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले, कॉलेज-स्कूल के आसपास लड़कियों को परेशान करने वाले या बिना किसी काम के अचानक धन कमाने वाले लोग दिखाई दें तो उनकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

गोगुंदा पंचायत समिति सभागार में आयोजित सीएलजी बैठक में एसपी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि अपराध रोकने में जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपना सीयूजी मोबाइल नंबर 8764527201 साझा करते हुए कहा कि लोग इस नंबर पर कॉल करने की बजाय वॉट्सएप के माध्यम से सूचना भेजें। उन्होंने बताया कि फोन गनमैन के पास रहता है, लेकिन वॉट्सएप उनके निजी मोबाइल में चलता है और वह खुद उसे नियमित रूप से देखती हैं।

एसपी दुहन ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और अभिभावकों से अपील की कि यदि स्कूल या कॉलेज जाते समय बेटियों को कोई असामाजिक तत्व परेशान करता है, तो इसकी सूचना तुरंत दें। इसके अलावा तेज गति से बाइक चलाकर उत्पात मचाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी भी पुलिस को दी जा सकती है।

बैठक के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कई बार ऐसे लोग सामने आते हैं जो कोई स्पष्ट काम नहीं करते, लेकिन उनके पास अचानक अधिक पैसा दिखाई देता है। ऐसे मामलों की भी सूचना पुलिस को देने पर जांच की जाएगी, क्योंकि इसके पीछे किसी अवैध गतिविधि की संभावना हो सकती है।

इससे पहले एसपी दुहन ने गोगुंदा थाने का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। थाने पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सर्कल क्षेत्र में अपराधों की स्थिति की समीक्षा की।

कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में गिर्वा सर्कल के छह थानों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता